१
जिस्म पर बम बंधवा
वो जा रहा है
खुदा से मिलने
कैसा खुदा है यार तू
बिना मरे मारे मिलता ही नहीं
२
अल्लाह बम बनाता है
ईसा मिसाइल
भगवान रचता है चक्रव्यूह
दुनियां डरती जाती है
दुनियां मरती जाती है
३
दुनियां भर में बिछी है लाशें
लाशों की जेब में है उनके
खुदाओं की तस्वीरें
सच कहते है ग्यानी जन
सब धर्म एक ही
मंजिल पर ले जाते हैं
४
मन्दिर के कलश पर
चर्च के क्रास पर
मस्ज़िद के गुम्बद पर
बेखौफ़ बीट करती हैं चिडियां
गाती हैं अपनी ही बोली में
अपने ही गीत
किसी भगवान की प्रार्थना नहीं करतीं
किसी खुदा का सिज़िदा नहीं करतीं
देखो हत्यारों कितनी खुश रह्ती हैं चिडियां
